उज्जैन में मृत काेराेना पाॅजिटिव 3 दिन नीमच में रुका था, रिश्तेदार समेत 17 काे क्वारैंटाइन किया

नीमच. उज्जैन के अंबर कॉलोनी निवासी 38 साल व्यक्ति के निधन के बाद उसकी कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वह 15 दिन पहले नीमच आया था और बिहारगंज निवासी रिश्तेदार के यहां 3 दिन रुका था। प्रशासन के अमले ने उनके सभी रिश्तेदार और एक अन्य परिवार के 17 सदस्यों को संदिग्ध मानकर तत्काल क्वारैंटाइन सेंटर में शिफ्ट किया। प्रारंभिक जांच में किसी में कोई लक्षण नहीं मिले हैं।


संक्रमित व्यक्ति पत्नी और दो बच्चों के साथ 15 मार्च की रात बस से नीमच में बिहारगंज निवासी बहन के घर आया था। 16 मार्च को वह रिश्तेदारों के साथ सांवरिया सेठ मंदिर दर्शन करने गया। फिर 17 और 18 को नीमच में ही रुका। 19 मार्च को सुबह 6.30 बजे वह बस से उज्जैन के लिए रवाना हाे गया। यहां 25 मार्च को तबीयत बिगड़ी और 2 दिन बाद मौत हो गई। बाद में 29 मार्च की रात सैंपल रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद वह कहां-कहां गया और किन लोगों के संपर्क में आया, प्रशासन इसकी जांच में जुट गया। 


नीमच में भी 3 दिन रिश्तेदार के यहां रुकने और राजस्थान के सांवरिया सेठ मंदिर जाने की खबर मिली तो प्रशासन की टीम दो एम्बुलेंस व मय अमले के साथ वहां रिश्तेदार के निवास बिहारगंज पहुंची और तत्काल दो परिवारों के 17 लोगों को लेकर गायत्री मंदिर रोड स्थित क्वारैंटाइन सेंटर में शिफ्ट किया। प्रारंभिक जांच में सभी स्वस्थ मिले हैं। इधर, उनके घर समेत पूरे क्षेत्र को सैनिटाइज करने के बाद सील कर दिया है। डेढ़ किलोमीटर तक सभी रास्तों को पूरी तरह उधर जाने पर रोक लगा दी है।


संपर्क में आए अन्य लोगों की जानकारी जुटा रहे
जिन लोगों को संदिग्ध मानकर प्रशासन ने निगरानी में लिया है वे सभी मजदूर वर्ग से हैं। रिश्तेदारों में तीन युवक हैं जो लोडिंग वाहन चलाने व सब्जी बेचने का काम करते हैं। इसके अलावा एक परिवार के सदस्य की किराना दुकान है। ऐसे में अब ये लोग कितने लोगों के संपर्क में आए, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।


संक्रमण के 2 से 14 दिन में दिखते हैं लक्षण
विशेषज्ञ डॉ. दिनेश प्रसाद ने बताया कोराेना संक्रमित व्यक्ति के सीधे संपर्क में आने वाले व्यक्तियों को 2 से 14 दिन में कभी भी लक्षण दिखाई दे सकते हैं। शहर में जिन 17 लोगों को क्वाॅरेंटाइन किया है वे फिलहाल स्वस्थ हैं। लोगों के लिए यही सलाह है कि वे घरों में रहें और किसी के संपर्क में नहीं आएं।


रिपोर्ट आने पर संदिग्धों का उपचार शुरू होगा
सिविल सर्जन डॉ. बीएल रावत ने बताया उज्जैन में पॉजिटिव निकला व्यक्ति नीमच में 3 दिन रिश्तेदारों के यहां रुका था। इसके लिए एहतियात के तौर पर उनके रिश्तेदार व पड़ाेसी परिवार के सदस्य जिनके संपर्क में उसके आने की जानकारी मिली है उनकी जांच कराई जा रही है। सामान्य तौर पर उन्हें 14 दिन क्वारैंटाइन में रखेंगे।


Popular posts
10 राज्यों में मरकज से जुड़े 400 संक्रमित मिले, देश में 9 हजार जमातियों और उनके संपर्क में आए लोगों की पहचान हुई
30 राज्यों में 2 हजार 111 मामले: एयर इंडिया ने रिटायरमेंट के बाद दोबारा भर्ती किए गए करीब 200 पायलट का करार निलंबित किया
बाजार को कोरोनावायरस / अमेरिकी शेयर बाजार डाउ जोन्स में 135 साल की सबसे बड़ी गिरावट; 1190 अंक लुढ़का; सेंसेक्स में एक दिन की दूसरी सबसे बड़ी गिरावट, 1448 अंक गिरा
'छपाक' स्टार विक्रांत जल्द करेंगे गर्लफ्रेंड से सगाई? ऐसी है चर्चा